by atul kumar bari:राजनांदगांव : शहर के व्यापारी की जली हुई अवस्था में लाश मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। आज शुक्रवार की सुबह व्यापारी रोज की तरह ही पशुओं को ब्रेड खिलाने अपने दो पहिया मोपेड वाहन से घर से निकला था। लेकिन घर नहीं पहुंचने के बाद परिजनों ने उनकी तलाश की तो शव दिग्विजय स्टेडियम के पीछे जली हुई अवस्था में पाया गया।
राजनांदगांव शहर के बलदेव बाग निवासी कमल लहरवानी का शव दिग्विजय स्टेडियम के पीछे गौशाला के समीप जली हुई अवस्था में मिला है। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम को बुलाकर तफ्तीश शुरू की गई। इस मामले को लेकर सीएसपी पुष्पेंद्र नायक ने कहा कि शव की शिनाख्त 34 वर्षीय कमल लहरवानी के रूप में की गई है। उन्होंने कहा कि फोरेंसिक टीम के द्वारा जांच की जाएगी। मौत के कारण की पड़ताल की जा रही है।
कमल लहरवानी रोज की तरह ही आज सुबह भी मवेशियों को ब्रेड और बिस्किट खिलाने निकले थे। काफी देर तक घर नहीं पहुंचे तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की। इसके बाद जली हुई अवस्था में शव मिलने की सूचना पुलिस और परिजनों को दी गई। मृतक युवक हरिओम ग्लास का संचालक था। उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई इसकी पड़ताल में पुलिस जुटी हुई है। इससे पहले भी शहर में दो युवको की इसी तरह जलने से मौत का मामला भी सामने आया था। जिनके शव के पास से उनके दो पहिया वाहन भी मिले थे। जिस पर हत्या की आशंका भी परिजनों द्वारा जताई गई लेकिन इन दोनों मामलों को पुलिस ने जांच में आत्महत्या बताया था। वहीं अब एक बार फिर शहर के एक युवा व्यापारी का शव जली हुई अवस्था में मिला है और शव के समीप ही उनकी दो पहिया वाहन भी मिला है। जिसकी जांच पुलिस कर रही है।